Sunday, 19 July 2015

लाल किताब के सिद्ध टोटके

लाल किताब के सिद्ध टोटके

ज्‍योतिष को मानने वालों में 'लाल किताब' का बड़ा महत्‍व है। यह किताब सम्‍पूर्ण उत्‍तर भारत (हिन्‍दी बेल्‍ट) में विशेष रूप से लोकप्रिय है। कहा जाता है कि इसमें तमाम तरह की समस्‍याओं से मुक्ति के सराल उपाय बताए गये हैं। इन टोटकों को बताकर ज्‍योतिषी लोग अक्‍सर लोगों को बेवकूफ बनाया करते हैं। कुछ लाजवाब टोटके देखिए :

नौकरी/धन/अच्‍छे कैरियर के लिए:
शु‍क्रवार को एक ताला खरीदें। खरीदते समय न तो स्‍वयं ताले को खोल कर देखें और न ही दुकानदार को ऐसा करने दें। ताले को लाकर सोने वाले कमरे में रख दें। अगले दिन यानी शनिवार को नहा धो कर मंदिर में रख दें और चले आएं। जैसे ही कोई ताला खोलेगा, आपकी किस्‍मत का ताला भी खुल जाएगा।
(किस्‍मत खोलने का उपाय है या ताला बेचने का तरीका। भैया, किसी ताला कंपनी से बात कर ली होती, कम से कम एक दक्षिणा के बराबर तो मुद्रा मिल ही जाती। वैसे एक सवाल भी मन में कुलबुला रहा है: क्‍या जो व्‍यक्ति ताला खोलेगा, उसकी किस्‍मत का ताला बंद तो नहीं हो जाएगा। तब तो उसे भी इसी प्रकार एक ताला दान करवाना होगा। है न। यानी किसी को फायदा हो न हो, पर ताला कंपनियों की जरूर चांदी हो जाएगी। मुझे तो लगता है कि यह उपाय बताने वाला किसी ताला कंपनी का मालिक तो नहीं था। आपका क्‍या विचार है।)

ब्लड प्रेशर/डिप्रेशन से बचने का उपाय:
रविवार के दिन 325 ग्राम दूध अपने सिरहाने रख कर सोएं। सोमवार को सुबह उठकर दूध को पीपल के पेड़ पर चढ़ा दें, 5 रविवार यह क्रिया करें, निश्चित लाभ होगा।
(ये क्‍या भइया, अब पीपल महाराज भी दूध पीने लगे? माना कि दूध पौष्टिक होता है, लेकिन पीपल महाराज को दूध चढ़ाने से हमारा ब्‍लड प्रेशर कैसे कम हो जाएगा? क्‍या ब्‍लड प्रेशर डिपार्टमेंट वे ही देखते हैं क्‍या?)

माईग्रेन/आधा सीसी का दर्द से बचने का उपाय:
मंगलवार को सूर्योदय के समय किसी चौराहे पर जाएं और एक टुकड़ा गुड़ को दांत से दो भागों में बांट कर दो अलग-अलग दिशाओं में फेंक दें। 5 सप्‍ताह लगातार यह क्रिया करें, माईग्रेन में लाभ होगा।
(गजब का तरीका बताया है भाई। अगर गुड़ खाने को कहते, तो कुछ पल्‍ले भी पड़ता। मुझे तो लगता है कि यदि गुड़ को चौराहे पर फेंका गया, तो पहले तो वहॉं पर मक्खियां आएंगी, फिर चींटे आदि। और चौराहे के ट्राफिक में दब कर वे बिना वजह मारे जाएंगे। उनकी हत्‍या का दोष किसपर जाएगा यह क्रिया करने वाले पर या उपाय बताने वाले पर? इस सवाल पर कोई रौशनी डाल सकता है?)

रोगों से मुक्ति का उपाय:
रात में पूर्व की ओर अपना सिर करके सोएं। सोते समय एक कटोरी में थोड़ा सा सेंधा नमक रख लें। इससे आपकी बीमारी में लाभ होगा।
(अरे? कितना आसान और कम खर्च वाला उपाय है। अब तो डाक्‍टरों की छुटटी। क्‍या भारत सरकार ने यह उपाय नहीं सुना? व्‍यर्थ में कैंसर, एड्स और लाइलाज बीमारियों की रिसर्च और दवाओं पर अरबों रूपये खर्च कर रही है। सेंधा नमक लगाए, सारी बीमारियों से मुक्ति पाए।)

व्यापार बढा़ने का उपाय:
सवा किलो काले चने शुक्रवार की रात में भिगो दें। अगले दिन उन्‍हें सरसों के तेल में बना लें। बने हुए चने के तीन हिस्‍से करें। एक हिस्‍सा घोड़/भैंसे को खिला दें। दूसरा हिस्सा कुष्ठ रोगी को खिला दें और तीसरा हिस्से को अपने ऊपर से तीन बार उतार कर किसी चौराहे पर रख दें। यह काम 40 दिन तक लगातार करें। व्‍यापार में निश्चित लाभ होगा।
(अजब बुड़बक आदमी है यह उपय बताने वाला। सवा किलो चना, चालीस दिन? अमां व्‍यापार बढ़ेगा या बजट बिगड़ेगा? हां, इससे अगर किसी का व्‍यापार चलेगा, तो वह चने वाला होगा। सही कहा न?)

मुकदमे में विजय पाने का उपाय:
मुकदमे में विजय पाने के लिए कचहरी में थोड़े से चावल लेकर जाएं। उन चावलों को कार्यवाही वाले कक्ष के बाहर फेंक दें। लेकिन ऐसा करते समय इस बात का ध्‍यान रखें कि ऐसा करते समय आपको कोई न देखे, अन्‍यथा लाभ नहीं होगा।
वाह, क्‍या गजब का मामू बनाया है। कचेहरी में चावल फेंको और कोई देखे नहीं। भारत जैसे देश में (ऐसा सम्‍भव है? और हां, एक सवाल दिमाग में घूम रहा है, अगर मुकदमे के दोनों पक्ष यही काम करें, तो विजय किसकी होगी? जो ज्‍यादा अच्‍छी क्‍वालिटी के चावल फेंकेगा, या जो ज्‍यादा चावल फेंकेगा? अंत में एक और गम्‍भीर सवाल क्‍या ऐसा करने से अन्‍न का अपमान नहीं होगा?)

पति को वश में करने का उपाय:
पान के हरे पत्‍ते पर चंदन और केसर का पाउडर लगाकर दुर्गा माता की मूर्ति/तस्‍वीर के सामने रखें तथा चंडी स्‍त्रोत का पाठ करें। पाठ के बाद चंदन और केसर के मिश्रण से माथे पर तिलक लगाएं और पति के सामने जाएं। यदि पति न हो, तो उसके फोटो के सामने जाएं। तदुपरांत उस पत्‍ते को एक जगह संभाल कर रख दें। 43वें दिन सभी एकत्रित पत्‍तों को जल में प्रवाहित कर दें। आपका पति पूर्णत: आपके वश में रहेगा।
(लगता है किसी जंगली आदमी ने यह उपाय बनाया होगा, वर्ना पति को वश में करने के लिए क्‍या स्त्रियों को किसी उपाय के करने की आवश्‍यकता होती है। वे तो सुस्‍वादु भोजन, दो मीठे बोल और मनमोहिनी अदाओं से वैसे ही गुलाम बन जाते हैं। हाँ, जिनकी पत्नियां रणचण्‍डी का रूप ले चुकी हों, उनके लिए कोई व्‍यवहारिक उपाय हो तो बात की जाए।)

ये सभी उपाय मुझे 'लाल किताब' से नहीं मिले हैं। इन्‍हें मैंने एक ब्‍लॉग पर पढ़ा है। 

No comments:

Post a Comment